हाईटेक नर्सरी का निदेशक उद्यान ने की जांच, कार्यदाई संस्था पर की कार्रवाई
हमीरपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे आंधी तूफान में उड़ी 1.3 करोड़ की हाईटेक नर्सरी को लेकर निदेशक उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ बी.पी. राम ने शनिवार को राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया में स्थापित हाईटेक नर्सरी का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि 28 मई को आई तेज आंधी/तूफान के साथ-साथ कार्यदायी संस्था द्वारा कराए गए निर्माण कार्य की गुणवत्ता भी हाईटेक नर्सरी को हुई क्षति का एक प्रमुख कारण रही है। जिला उद्यान अधिकारी ने कार्यदायी संस्था को कई बार पत्र भेजे बावजूद कार्य में सुधार न होने पर निदेशक उद्यान ने नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण में पाया गया कि अभी तक केवल नेट हाउस का स्ट्रक्चर ही खोला गया है तथा 20 दिनों से अधिक समय बीतने के बावजूद कार्यदायी संस्था द्वारा कार्य बंद रखा गया है। निदेशक उद्यान ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है वही उसे काली सूची में डालने की कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए है ।
निदेशक उद्यान ने राजकीय शाकभाजी प्रक्षेत्र पौथिया में सेन्टर ऑफ एक्सीलेंस फॉर खजूर की स्थापना हेतु प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया । स्थल को परियोजना की स्थापना के लिए उपयुक्त पाया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रक्षेत्र में 2 हेक्टेयर क्षेत्रफल में ढैंचा हरी खाद तथा 1 हेक्टेयर क्षेत्रफल में भिण्डी आजाद-1 के बीज उत्पादन कार्य का भी जायजा लिया गया। भिण्डी में बीज का जमाव अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर इसकी जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित प्रभारी को फसल की नियमित निराई-गुड़ाई एवं खरपतवार नियंत्रण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त हाईटेक नर्सरी के पीछे लगभग 1 हेक्टेयर भूमि में उगे जंगली बबूल की सफाई कराने तथा पौधशाला में उत्पादित फलदार कलमी पौधों की बिक्री/निस्तारण की कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के समय जिला उद्यान अधिकारी डॉ. बलदेव प्रसाद, पीयूष कुमार, सहायक उद्यान निरीक्षक, सुलेमान खान, प्रभारी हाईटेक नर्सरी पौथिया तथा राजकरन सिंह, कनिष्ठ सहायक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

