home page

बाराबंकी : धान क्रय केंद्र पर पहुंचे मंडी परिषद के निदेशक, खरीद व्यवस्था का लिया जायजा

 | 
बाराबंकी : धान क्रय केंद्र पर पहुंचे मंडी परिषद के निदेशक, खरीद व्यवस्था का लिया जायजा


बाराबंकी, 14 नवंबर (हि.स.)। राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को धान खरीद व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जनपद बाराबंकी स्थित धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीद की प्रगति, केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान निदेशक ने क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से बातचीत कर खरीद प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। किसानों ने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संतोष जताया। केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक मिली। हालांकि, खुले बाजार में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के आसपास धान का भाव मिलने के चलते सरकारी क्रय केंद्र पर उपज की आवक अपेक्षाकृत कम पाई गई।

निदेशक ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें। शासन की ओर से निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ धान की खरीद की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का समय से भुगतान कराना प्राथमिकता है। किसी भी किसान को अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी