home page

यूपीटीईटी-2026 को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश, 23 केंद्रों पर होगी परीक्षा

 | 
यूपीटीईटी-2026 को नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराने के निर्देश, 23 केंद्रों पर होगी परीक्षा


जौनपुर, 25 जून (हि.स.)। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में गुरुवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन आयोजन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने को कहा।

बैठक में बताया गया कि यूपीटीईटी-2026 का आयोजन 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में किया जाएगा। जनपद में कुल 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल संचालन के लिए 23 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 23 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पांच आरक्षित सेक्टर मजिस्ट्रेट और आठ आरक्षित स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।जिलाधिकारी ने केंद्राध्यक्षों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर हेल्थ बूथ स्थापित करने, ओआरएस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था रखने तथा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन एवं अन्य प्रमुख स्थानों पर टेंट और सार्वजनिक शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में प्रशासन, शिक्षा एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव