home page

मुरादाबाद से जयपुर के लिए रोडवेज की सीधी बस सेवा जल्द होगी शुरू

 | 
मुरादाबाद से जयपुर के लिए रोडवेज की सीधी बस सेवा जल्द होगी शुरू


-जयपुर के लिए चल रही चार बसों में यात्रियों को नहीं मिल पा रही सीटें

मुरादाबाद, 20 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान के जयपुर जाने वाले यात्रियों को मुरादाबाद बस अड्डे से रोडवेज की सीधी बस सेवा जल्द ही शुरू हो जाएगी। मुरादाबाद रोडवेज परिक्षेत्र की सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजवती मुरादाबाद-जयपुर रूट के लिए नए परमिट की प्रक्रिया चल रही है। परमिट मिलते ही पहले चरण में एक नई बस का संचालन शुरू किया जाएगा। इसके बाद आवश्यकता के अनुसार अन्य बसें भी बढ़ाई जाएंगी।

जयपुर के लिए सीधी बस सेवा नहीं मिलने से मुरादाबाद के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों को दूसरे डिपो की बसों के भरोसे सफर करना पड़ता है। शाम के समय आने वाली चार बसों में पहले से ही भीड़ रहती है। ऐसे में कई यात्रियों को सीट नहीं मिलती और खड़े होकर सफर करना पड़ता है या निजी बसों का सहारा लेना पड़ता है। इसे देखते हुए अनुबंधित बस मालिकों ने सप्ताहभर पूर्व एआरएम को जयपुर रूट पर अतिरिक्त बसें चलाने की मांग उठाई थी।

जयपुर के लिए पहली बस शाम 7:45 बजे मुरादाबाद पहुंचती है और 8:15 बजे रवाना होती है। वहीं, दूसरी बस रात 8:15 बजे पहुंचकर 8:45 बजे रवाना होती है। तीसरी बस 8:45 बजे पहुंचकर 9:15 बजे और चौथी बस 9:30 बजे रवाना होती है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल