home page

भाजपा के क्षेत्र एवं मोर्चों के प्रभारी घोषित,दिलीप पटेल बने अवध के प्रभारी

 | 
भाजपा के क्षेत्र एवं मोर्चों के प्रभारी घोषित,दिलीप पटेल बने अवध के प्रभारी


लखनऊ, 08 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के क्षेत्र एवं मोर्चा प्रभारियों के नामों की घोषणा शनिवार को कर दी। पार्टी कार्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार, भाजपा के प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान को पश्चिम, प्रदेश महामंत्री गीता शाक्य को ब्रज और प्रदेश महामंत्री शंकरलाल लोधी को कानपुर क्षेत्र को प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल को अवध,प्रदेश महामंत्री अभिजात मिश्रा को गोरखपुर और प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह को काशी क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है।

राजेश चौधरी को बनाया गया युवा मोर्चा का प्रभारी

भाजपा के प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी को युवा मोर्चा, संजय राय को पिछड़ा मोर्चा और शंकर गिरि को किसान मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार डा.धर्मेन्द्र सिंह को अनुसूचित मोर्चा, कामेश्वर सिंह को महिला मोर्चा, प्रियंका रावत को अनुसूचित जनजाति मोर्चा और देवेश कोरी को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।

गोविन्द नारायण शुक्ला बने मुख्यालय प्रभारी

भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री व विधान परिषद सदस्य गोविन्द नारायण शुक्ला को मुख्यालय प्रभारी बनाया गया है। इसी प्रकार प्रदेश मंत्री यतेन्द्र शर्मा को मीडिया प्रभारी, प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर को विस्तारक योजना का संयोजक, प्रदेश उपाध्यक्ष अर्चना मिश्रा को मन की बात का संयोजक और प्रदेश मंत्री राहुल वाल्मीकि को मन की बात का सह संयोजक बनाया गया है।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन