home page

डिजिटल क्रांति ने बदला भाषा का स्वरूप : हेमंत तिवारी

 | 
डिजिटल क्रांति ने बदला भाषा का स्वरूप : हेमंत तिवारी


डिजिटल क्रांति ने बदला भाषा का स्वरूप : हेमंत तिवारी


जौनपुर, 23 सितंबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मोहम्मद हसन पीजी कॉलेज में बुधवार को “डिजिटल मीडिया का भाषा पर प्रभाव” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। मुख्य वक्ता वरिष्ठ पत्रकार एवं उत्तर प्रदेश पत्रकार संघ के अध्यक्ष हेमंत तिवारी ने कहा कि डिजिटल क्रांति ने भाषा के स्वरूप को तेजी से बदला है। सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल मंचों ने संवाद की गति और पहुंच को अभूतपूर्व रूप से बढ़ाया है। ऐसे में युवाओं और मीडिया से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी है कि वे तथ्यपरक, संयमित और प्रभावशाली भाषा का प्रयोग करें।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अब्दुल कादिर खान ने की। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग ने भाषा को अभिव्यक्ति के नए मंच और व्यापक पहुंच प्रदान की है। भाषा अब केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और विचारों को प्रभावित करने का सशक्त साधन भी बन गई है। उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल माध्यमों का सकारात्मक एवं रचनात्मक उपयोग करने तथा भाषा की गरिमा और शुद्धता बनाए रखने का आह्वान किया।संगोष्ठी में सोशल मीडिया की भाषा, हिंदी एवं भारतीय भाषाओं में हो रहे बदलाव, नए शब्दों के बढ़ते प्रचलन, भाषायी शुद्धता और डिजिटल माध्यमों से भाषा के प्रचार-प्रसार की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ। इससे पूर्व मुख्य वक्ता हेमंत तिवारी का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया तथा स्मृति-चिह्न एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। संचालन अहमद अब्बास खान ने किया।इस अवसर पर डॉ. जीवन यादव, आरपी सिंह, हसनैन कमर, दीपू, नवीन मिश्रा, आजम जैदी, डॉ. शाहिदा परवीन, डॉ. आशीष श्रीवास्तव, डॉ. प्रज्वलित यादव, डॉ. तरन्नुम, डॉ. सरिता, डॉ. अलमीना, शादॉं जबीं, फलक, उमरा खान सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव