सीएसजेएमयू में डिजिटल शिक्षा क्रांति: एआई टूल मास्टरक्लास से शिक्षकों को मिल रही नई दिशा : शिवांश शर्मा
कानपुर, 18 अप्रैल (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में डिजिटल शिक्षा को नई दिशा देने के लिए एआई टूल मास्टरक्लास श्रृंखला शुरू की गई। फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के तीसरे दिन सीएएम एआई टीम द्वारा आयोजित इस सत्र में प्रतिभागियों को एआई पावर यूजर्स बनाने पर जोर दिया गया। “एआई अब शिक्षा का भविष्य नहीं बल्कि वर्तमान की जरूरत है और हमें इसे गहराई से अपनाना होगा।” यह बातें शिवांश शर्मा ने कही।
सत्र में जेमिनी के बहु-मोडल सिस्टम की विस्तृत जानकारी दी गई, जिसमें टेक्स्ट, कोड, ऑडियो और चित्रों को एक साथ प्रोसेस करने की क्षमता शामिल है। फ्लैश मॉडल को तेज कार्य के लिए, थिंकिंग मॉडल को गहन विश्लेषण के लिए और प्रो मॉडल को बड़े शोध कार्यों के लिए उपयोग करने की तकनीक समझाई गई।
इसके अलावा 20 लाख टोकन तक की कॉन्टेक्स्ट विंडो क्षमता पर भी प्रकाश डाला गया, जिससे बड़ी पुस्तकों और जटिल कोड का विश्लेषण बिना संदर्भ खोए संभव है। प्रतिभागियों को व्यक्तिगत एआई एजेंट “जेम्स” बनाना, कैनवास मोड से दस्तावेज संपादन और सर्च ग्राउंडिंग तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं बल्कि प्रतिभागियों को एआई टूल्स पर पूर्ण दक्षता दिलाना है। सीएएम एआई टीम इस पहल को चरणबद्ध और व्यावहारिक प्रशिक्षण के रूप में आगे बढ़ा रही है, जिससे विश्वविद्यालय को आधुनिक एडटेक संस्थानों की श्रेणी में स्थापित किया जा सके।
डॉ अंशू सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रशिक्षण नहीं बल्कि एआई मिशन की शुरुआत है। विश्वविद्यालय “एआई फॉर ऑल” के लक्ष्य के तहत शिक्षकों और छात्रों को वैश्विक स्तर की डिजिटल दक्षता प्रदान कर रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

