डीआईजी मेरठ ने बागपत पुलिस लाइन का निरीक्षण किया
बागपत, 22 मई (हि.स.)। पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने शुक्रवार को पुलिस लाइन बागपत का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस लाइन की विभिन्न शाखाओं, परिवहन विभाग, यूपी-112, शस्त्रागार, डॉग स्क्वाड, मैस, बैरिक एवं कंट्रोल रूम का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीआईजी मेरठ कलनिधि नैथानी ने जनपद बागपत में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय द्वारा कानून व्यवस्था, अनुशासन, पुलिस संसाधनों के रखरखाव तथा पुलिस कर्मियों के कल्याण हेतु किए जा रहे प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि एसपी बागपत के नेतृत्व में जनपद पुलिस बेहतर समन्वय, अनुशासन एवं सक्रिय कार्यशैली के साथ कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने पुलिस बल की टोलीवार ड्रिल, मॉक ड्रिल एवं आपातकालीन तैयारियों को भी देखा तथा बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने पुलिस वाहनों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, ड्यूटी प्रणाली को पारदर्शी बनाए रखने तथा रिजर्व पुलिस बल का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए।
डीआईजी ने पुलिस लाइन परिसर में साफ-सफाई, आवासीय व्यवस्थाओं तथा पुलिस मैस की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान नव निर्मित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का भी अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार चौहान सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं पुलिस कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

