home page

डीआईजी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

 | 
डीआईजी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


देवरिया, 05 जून (हि.स.)। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एस. चन्नप्पा ने देवरिया नगर क्षेत्र में पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर एवं अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार की शाम को पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आमजन से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुरक्षा को लेकर पुलिस की प्रतिबद्धता दोहराई।

पैदल गश्त के दौरान बस स्टेशन, कचहरी चौराहा, सिविल लाइंस और सुभाष चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। डीआईजी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्कता और सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

इस दौरान डीआईजी ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से भी बातचीत की। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि जनसुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने अधिकारियों को महिलाओं की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने, एंटी रोमियो टीमों को सक्रिय रखने तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर बल दिया।

गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी बरहज राजेश चतुर्वेदी, क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार सहित कोतवाली पुलिस और अन्य पुलिस बल मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक