त्योहारों को लेकर डीआईजी ने शहर में किया फ्लैग मार्च, व्यापारियों से जाना सुरक्षा का हाल
जौनपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में आगामी दीपावली, धनतेरस और छठ पूजा के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को डीआईजी वैभव कृष्ण ने भारी पुलिस बल के साथ शहर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
फ्लैग मार्च सद्भावना पुल से शुरू होकर चहारसू चौराहा, हनुमान घाट की गलियों और शहर के प्रमुख बाजारों से होकर गुजरा। इस दौरान स्वर्णकार व्यापारियों समेत अन्य दुकानदारों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली गई।
पत्रकारों से बातचीत में डीआईजी वैभव कृष्ण ने कहा कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने, आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से फ्लैग मार्च किया गया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, एसपी सिटी अनंत चंद्रशेखर, सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता, सीओ सिटी सम्यक चौधरी सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और चौकी प्रभारी शामिल रहे। मार्च में भारी संख्या में पुलिसकर्मियों, पीएसी जवानों और महिला आरक्षियों की मौजूदगी से शहर में सुरक्षा का संदेश दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

