अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक पाठ व धम्म यात्रा, बलरामपुर में देश का सबसे ऊंचा धम्म ध्वज स्थापित
बलरामपुर 31 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद के लाल नगर गांव में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय त्रिपिटक पाठ एवं भव्य धम्म यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए बौद्ध भिक्षु शामिल हुए। कार्यक्रम में सबसे ऊंचा धम्म ध्वज का विधिवत अनावरण किया गया। बताया गया है कि यह देश का सबसे ऊंचा धम्म ध्वज है।
धम्म ध्वज का अनावरण मुख्य अतिथि भारत में कंबोडिया के राजदूत राथ मेनी तथा उत्तर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सिंह पटेल ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान राजदूत राथ मेनी ने बताया कि कंबोडिया में 90 से 95 प्रतिशत लोग बौद्ध धर्म का पालन करते हैं और भारत में इस प्रकार के आयोजन श्रद्धा के साथ मनाए जाते हैं।
प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री आशीष सिंह पटेल ने प्रदेश में पहली बार स्थापित इस विशाल धम्म ध्वज की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए लोगों को “बुद्धं शरणं गच्छामि” की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के आयोजक लाइट बुद्ध वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव दिवाकर पटेल ने बताया कि लाल नगर में पिछले चार वर्षों से धम्म स्थली के निर्माण का कार्य चल रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य भगवान बुद्ध की मूल शिक्षाओं (त्रिपिटक) का पाठ कर विश्व शांति का संदेश देना है। उन्होंने दावा किया कि यहां स्थापित धम्म ध्वज देश का सबसे ऊंचा एवं प्रथम धम्म ध्वज है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. सोनम योंदेन गुरंग (महाबोधि सोसाइटी ऑफ इंडिया, सारनाथ), वेनेरेबल सुमित्यानंद थेरो एवं वेनेरेबल सद्धालोक महाथेरो सहित कई बौद्ध धर्मगुरु मौजूद रहे। ------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन

