home page

रामनवमी पर शहर के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

 | 
रामनवमी पर शहर के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब


कानपुर, 27 मार्च (हि.स.)। चैत्र नवरात्र के अंतिम दिन रामनवमी के अवसर पर शहर के प्रमुख देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा और हर ओर जयकारों की गूंज सुनाई दी। मां तपेश्वरी, वैभव लक्ष्मी, बारादेवी, काली देवी और बुद्धा माता मंदिरों में सुबह से ही लम्बी कतारें लगी रहीं, जहां भक्तों ने माता के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसरों में “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

इसके अलावा घरों में कन्याभोज का भी आयोजन किया गया, वहीं कई श्रद्धालुओं ने मंदिरों में भी कन्याओं को दही-जलेबी का प्रसाद वितरित किया। श्रद्धालुओं में माता के प्रति गहरी आस्था और उत्साह साफ तौर पर नजर आया, जिससे पूरे शहर में धार्मिक माहौल बना रहा।

भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। प्रमुख मंदिरों के बाहर बैरिकेटिंग कर श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित किया गया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल के साथ बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई, जिससे महिलाओं को सुविधा मिल सके।

वैभव लक्ष्मी मंदिर के पुजारी करन रामानुज दास ने शुक्रवार को कहा कि रामनवमी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। नवरात्र के समापन पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और कन्या पूजन का आयोजन किया गया। भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। कई श्रद्धालुओं द्वारा मंदिर परिसर में कन्याओं को दही-जलेबी का प्रसाद वितरित किया गया। माता रानी की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे, यही हमारी कामना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप