श्रीमद्भागवत कथा में राजा परीक्षित का प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर
औरैया, 25 मई (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में सदर ब्लाक क्षेत्र के गांव असेवा स्थित शेरावाली माता मंदिर परिसर में चल रहे श्रीमद्भागवत सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दूसरे दिन सोमवार को कथा वाचक आचार्य अनुज द्विवेदी ने राजा परीक्षित की कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और भक्ति रस में डूबे रहे।
कथा वाचक अनुज द्विवेदी ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मनुष्य को धर्म, भक्ति और सत्कर्मों का मार्ग दिखाती है। उन्होंने राजा परीक्षित के जीवन प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि मृत्यु का सत्य जानने के बाद भी राजा परीक्षित ने सात दिनों तक भगवान की कथा सुनकर मोक्ष प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि भागवत कथा सुनने से मनुष्य के भीतर सकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं और जीवन में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है।
कथा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों और भगवान के जयकारों से भावविभोर नजर आए। मंदिर परिसर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में रंगा दिखाई दिया। कथा वाचक ने कहा कि मनुष्य को अपने जीवन में सदैव अच्छे कर्म करने चाहिए और भगवान के प्रति श्रद्धा बनाए रखनी चाहिए। यह धार्मिक आयोजन समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से संपन्न कराया जा रहा है। कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने, पेयजल एवं अन्य व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। आयोजन समिति के सदस्य लगातार व्यवस्था संभालने में जुटे हुए हैं। इस अवसर पर अरुण सेंगर, शिवराम सिंह उर्फ पप्पू सेंगर, कल्लू सेंगर, रामराज सिंह सेंगर, सरनाम सिंह गौर सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी लोग कथा आयोजन की व्यवस्थाओं की देखरेख में सहयोग कर रहे हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

