राधावल्लभ मंदिर : राधाप्यारी के जन्म के उल्लास में डूबे श्रद्धालु और गोस्वामी
मथुरा, 19 सितम्बर(हि.स.)। धर्मनगरी वृन्दावन राधारानी के प्राकट्य के उल्लास में शनिवार देर रात तक डूबी रही। शनिवार प्रातःकाल जन्म महाभिषेक और दधिकांधा के बाद सायंकाल राधा जन्मोत्सव और स्वामी हरिदास महाराज के आविर्भाव महोत्सव की शोभयात्रा वृंदावननगर भर में निकाली गईं। राधाप्यारी ने जनम लियौ है, कीरत किशोरी ने जनम लियौ है और आज बधाई है बरसाने के जयघोषों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देश के विभिन्न क्षेत्रों से आईं कीर्तन मंडलियों ने गाते-थिरकते बधाई गायन किया।
अठखंभा स्थित बड़ी सरकार और सूरदास आश्रम से निकाली गईं राधा जन्मोत्सव की शोभायात्रा नगर भ्रमण करती हुईं बड़ा रासमंडल पहुंचीं। वहीं बांकेबिहारी मंदिर से निकाली गई शोभायात्रा में ठा. बांकेबिहारी महाराज स्वयं अपने प्रिय स्वामी हरिदास जी के आविर्भाव की बधाई लेकर निधिवन पहुंचे। विभिन्न शहरों से आए बैण्ड और शहनाई पार्टियों ने भक्तिमय गीतों की संगत से समां बांध दिया। शोभायात्रा में शामिल विभिन्न झांकियों में राधाकृष्ण युगल सरकार का डोला, गणेश भगवान, शंकर पार्वती, हनुमान जी आदि के डोले शामिल रहे। इस अवसर पर राधावल्लभ और बांकेबिहारी मंदिरों के सेवायत भी अपने आराध्यों को बधाई देने के लिए शोभायात्रा में साथ चल रहे थे। वहीं प्रातःकाल राधावल्लभ मंदिर में गोस्वामियों ने बधाई गायन करते हुए दधिकांधा महोत्सव में एक दूसरे को बधाईयां दी। इस अवसर पर टिकैत अधिकारी मोहित मराल गोस्वामी, राधेश लाल गोस्वामी, आनंद लाल गोस्वामी, विशाल लाल गोस्वामी, गौरव गोस्वामी, सुकृत लाल गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

