home page

नवरात्र में मां शीतला चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन-पूजन के लिए लगी लंबी कतारें

 | 
नवरात्र में मां शीतला चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन-पूजन के लिए लगी लंबी कतारें


नवरात्र में मां शीतला चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन-पूजन के लिए लगी लंबी कतारें


नवरात्र में मां शीतला चौकियां धाम में उमड़े श्रद्धालु, दर्शन-पूजन के लिए लगी लंबी कतारें


जौनपुर,11 अक्टूबर (हि.स.)। नवरात्र के प्रथम दिन रविवार को उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां शीतला चौकियां धाम और मैहर देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। मां के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लग रही हैं। पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के साथ दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों से भी श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।

मां शीतला चौकियां धाम के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। मान्यता है कि मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए जाने से पहले मां शीतला के दर्शन करना शुभ होता है। इसी विश्वास के चलते वाराणसी, गाजीपुर, आजमगढ़, बलिया, सोनभद्र और गोरखपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों से विंध्याचल जाने वाले श्रद्धालु पहले चौकियां धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं।

नवरात्र के प्रथम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालु घंटों कतार में खड़े होकर मां की एक झलक पाने के लिए इंतजार करते दिखे। भक्तों ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।

इस संबंध में बात करते हुए मंदिर के महंत विवेकानंद पांडा ने बताया कि मां शीतला के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई परिवार बच्चों के मुंडन संस्कार सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के लिए भी यहां पहुंचते हैं। भक्तों का मानना है कि मां के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना से उन्हें आत्मिक शांति और आशीर्वाद मिलता है। नवरात्र के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की आवाजाही से धाम में पूरे दिन चहल-पहल बनी रहती है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव