मुड़िया पूर्णिमा मेले में उमड़ने लगे श्रद्धालु, परिक्रमा जारी, शनिवार-रविवार भक्तों के बढ़ने की उम्मीद
मथुरा, 24 जुलाई (हि.स.)। गोवर्धन में विश्व प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला शुरू हो गया है। मेले के दूसरे दिन ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने लगी है। देश के विभिन्न हिस्सों से भक्त गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा करने गोवर्धन पहुंच रहे हैं। शुक्रवार दोपहर तेज धूप और गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। चिलचिलाती धूप में भी बड़ी संख्या में भक्त परिक्रमा मार्ग पर चलते दिखे। कुछ श्रद्धालु नंगे पांव परिक्रमा कर रहे थे, जबकि अन्य हाथों में पूजा सामग्री लिए गिरिराज महाराज के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालु राधे-राधे और गिरिराज महाराज की जय के जयघोष के साथ अपनी परिक्रमा पूरी कर रहे थे।
मुड़िया पूर्णिमा मेले के लिए प्रशासन ने व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस तथा प्रशासनिक टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। मेले के आगे बढ़ने के साथ गोवर्धन में श्रद्धालुओं की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।
मेले की शुरूआत के साथ ही गिरिराज नगरी पूरी तरह भक्तिमय माहौल में रंग गई है। नगर, सप्तकोसीय परिक्रमा मार्ग और प्रमुख चौराहों को रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक स्वागत द्वार और धार्मिक सजावट से दुल्हन की तरह सजाया गया है। देश विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए गोवर्धन पहुंचने लगे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिक्रमा मार्ग पर पेयजल, छाया, विश्राम और चिकित्सा की व्यापक व्यवस्था की गई है। विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर भी लगाए गए हैं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मेला क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, वॉच टावर और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का पालन करने और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है। मेले को देखते हुए सजावट, रोशनी के इंतजाम किए गए हैं। जिससे आने वाले परिक्रमार्थियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। गोवर्धन में प्रवेश करने वाले अलग-अलग क्षेत्रों में भी सड़क रोशनी और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन सजग है। स्थानीय लोगों ने बताया शनिवार और रविवार के दिन परिक्रमार्थियों की संख्या बढ़ने की संभावना जतायी जा रही है। आवारा पशुओं पर भी प्रशासन की नजर है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

