27 अक्टूबर से शुरू होगा ऐतिहासिक देवा मेला, जावेद अली और मोहम्मद दानिश की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण
बाराबंकी, 25 अक्टूबर (हि.स.)।अवध की गंगा-जमुनी तहजीब, सूफियाना रूहानियत और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी-2026 आगामी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में आस्था और अध्यात्म के साथ संगीत, साहित्य, लोक संस्कृति तथा खेलकूद का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। रविवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मेले के कार्यक्रमों, प्रमुख आकर्षणों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की पावन नगरी देवा में आयोजित होने वाला यह मेला आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। दस दिवसीय आयोजन में देश-प्रदेश के कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। साथ ही बच्चों, युवाओं और खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जावेद अली और मोहम्मद दानिश की होगी प्रस्तुति
मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 28 अक्टूबर को सुगम संगीत संध्या के साथ इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट आयोजित होगी। 29 अक्टूबर को चादर अर्पण, स्थानीय कलाकारों की कव्वाली और सीरतुन्नबी कार्यक्रम होंगे। 30 अक्टूबर को भजन संध्या एवं मानस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
31 अक्टूबर को गजल नाइट में अविनाश मिश्रा और सूफी ख्याल बैंड की प्रस्तुति होगी। एक नवंबर को रंग-ए-झूम और कबीर कैफे बैंड के साथ सूफी नाइट, दो नवंबर को मुशायरा तथा तीन नवंबर को ‘धरोहर और गूंज’ कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन होगा। चार नवंबर को ‘परिधान-ए-अवध’ फैशन शो के बाद प्रख्यात गायक जावेद अली की मेगा नाइट मुख्य आकर्षण रहेगी।
खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी होंगी
मेले में हॉकी, कबड्डी, दंगल, वॉलीबॉल, क्रिकेट और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा वाद-विवाद, निबंध, मेहंदी, चित्रकला, रंगोली और बेबी-शो जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा विभाग के सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मेले में उत्सवी माहौल बनेगा।
सुरक्षा और जनसुविधाओं पर रहेगा विशेष ध्यान
जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले जायरीनों, श्रद्धालुओं और अन्य आगंतुकों की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए यातायात, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन की व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाया जाएगा। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं।
मेले का समापन पांच नवंबर को अपराह्न चार बजे से शाम सात बजे तक आयोजित समारोह में होगा। इस दौरान स्मारिका का विमोचन और प्रशस्ति पत्र वितरण किया जाएगा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी की मौजूदगी में इको-फ्रेंडली आतिशबाजी के साथ मेले का समापन होगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपर जिलाधिकारी एवं देवा मेला कमेटी के सचिव निरंकार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी विवेक तिवारी, संयुक्त मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी नवाबगंज गुंजिता अग्रवाल, सीओ सिटी मो. आफताब आलम मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

