सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध: केशव प्रसाद मौर्य
-खिलाड़ियों के लिए डबल इंजन सरकार का खजाना खुला है: डिप्टी सीएम
-अखिलेश और उनका परिवार राम द्रोही: केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 21 जून (हि.स)। अपने दो दिवसीय प्रवास के अंतिम दिन रविवार को लखनऊ रवाना होने से पूर्व जनपद के एक होटल में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल से संबंधित पदाधिकारियों से संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने खिलाड़ियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि ओलम्पिक में पदक जीतने वाला प्रयागराज से निकले, ऐसी कामना है। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों की सूची में प्रयागराज का नाम होना चाहिए। सरकार खिलाड़ियों के सहयोग के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश व प्रयागराज का नाम हो, इसका प्रयास होना चाहिए। क्रिकेट से लेकर बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, शतरंज तैराकी जैसे कई खेलों में प्रयागराज की प्रतिभाओं ने अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। बेटियों ने भी इतिहास रचने का काम किया है खेल के क्षेत्र में। खुशबू निषाद इसका उदाहरण है। बच्चों के अंदर अभूतपूर्व प्रतिभा होती है। अभिभावकों को चाहिए कि वे उनकी प्रतिभाओं को निखरने का अवसर दें। छोटे-छोटे देश खेल के क्षेत्र में अच्छा कर रहे हैं तो हम क्यों नहीं कर सकते। खेल के प्रति जुनून होना चाहिए।
-खिलाड़ियों ने रखी विभिन्न मांगे दिये सुझाव, डिप्टी सीएम ने किया आश्वस्तसंवाद के दौरान विभिन्न खिलाड़ियों ने डिप्टी सीएम के सामने शहर में खिलाड़ियों के रहने की उचित व्यवस्था की मांग रखी। इस पर उन्होंने कहा कि एक मांग पत्र दीजिए सरकार अवश्य इस पर गंभीर प्रयास करेगी। अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल खिलाड़ी आर एस बेदी ने कहा कि सरकार ने बहुत सारी स्कीम चालू की हैं जिसका खिलाड़ियों को लाभ मिल रहा है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए जमीनी स्तर पर सरकार सुविधा मुहैया कराए। खिलाड़ियों के चोटिल होने पर आर्थिक मदद व अच्छा इलाज हो ऐसा सुझाव है। जिस पर डिप्टी सीएम ने कहा कि इस पर अवश्य अमल किया जाएगा।
प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी अभिन्न श्याम गुप्ता ने कहा कि स्वीमिंग पूल की सुविधा होनी चाहिए। इस पर डिप्टी सीएम ने आरएसओ प्रेम कुमार से जवाब तलब करते हुए कहा कि इसकी व्यवस्था क्यों नहीं है और कब तक होगी। जिस पर आरएसओ ने बताया कि स्वीमिंग पूल के जीर्णाेद्धार का कार्य जारी है इस महीने के अंत तक वो चालू हो जाएगा। बॉक्सिंग (मुक्केबाजी) कोच ने इस खेल को बढ़ावा देने की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। बॉडी बिल्डिंग कोच ने हॉकी के लिए विद्यालय कॉलेज में खेल के मैदान को विवाह शादी इत्यादि में बदलने पर उन्होंने कहा कि इस पर ध्यान दिया जाएगा।
बॉलीबाल के लिए इनडोर स्टेडियम का सुझाव आया। क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री वीरेंद्र नाथ उपाध्याय ने रन फर राम का बड़ा आयोजन होना चाहिए इस पर सुझाव दिया और कहा कि जनपद में एक ऐसा स्टेडियम होना चाहिए जिसमें सभी खेल आयोजित हो सकें। खोखो खेल के कोच ने कहा कि इस भारतीय खेल के प्रति उत्तर प्रदेश में कोच की संख्या बढ़ाई जाए। एक युवा बैडमिंटन खिलाड़ी ने डिप्टी सीएम से मांग की कि स्पोर्ट्स इंजरी के विशेषज्ञ डॉक्टर के विषय में विचार किया जाए जिस पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सुझाव अच्छा है और इस ओर पूरी गंभीरता से प्रयास होगा।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि डबल इंजन सरकार का खजाना खिलाड़ियों के लिए भरा है यदि स्थानीय स्तर पर लापरवाही होती है तो उच्च स्तर पर अवगत कराएं। कार्यकम में शतरंज में अंडर 9 में देश में दूसरी रैंक प्राप्त शिवाय सिंह को डिप्टी सीएम ने माला पहनाकर सम्मानित किया। इससे पहले खेल गांव के निदेशक डॉ यूके मिश्रा, पार्षद आशीष द्विवेदी, अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी आर एस बेदी व क्रीड़ा भारती के प्रांत मंत्री वीरेंद्र उपाध्याय ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का माला पहनाकर व भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान व यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल को पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन आशीष गुप्ता ने किया। कार्यक्रम संयोजक पार्षद आशीष द्विवेदी रहे।
-नीरज त्रिपाठी के घर जाकर कैलाश मानसरोवर जाने वाले दल को किया सम्मानितभाजपा मीडिया प्रभारी विवेक मिश्र ने बताया कि केशव प्रसाद मौर्य विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत बंधा रोड स्थित अभिषेक तिवारी के आवास गए जहां उन्होंने संभ्रांत लोगों से चर्चा परिचर्चा की। उसके बाद जगमोहन गुप्ता के घर गये जहां उनके भाई के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। तत्पश्चात् इलाहाबाद संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी रहे नीरज त्रिपाठी के आवास पहुंचे। जहां उन्होंने नीरज त्रिपाठी व उनकी पत्नी कविता यादव त्रिपाठी से मुलाकात की। इस दौरान डिप्टी सीएम ने कविता यादव त्रिपाठी और उनके दल की 24 महिलाओं को पवित्र कैलाश मानसरोवर यात्रा सकुशल पूर्ण करने की बधाई देते हुए महिलाओं को स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, डॉ शैलेश पांडेय, विक्रम भदौरिया, अनुज कुशवाहा, आनंद श्रीवास्तव, आनंद सोनकर, विजय श्रीवास्तव, मनोज कुशवाहा, विवेक मिश्रा, पवन श्रीवास्तव, अरुण पटेल, दीप द्विवेदी आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

