2027 में सपा की साइकिल पंचर कर हमारे कार्यकर्ता उन्हें सैफई भेजने का काम करेंगे : केशव प्रसाद मौर्य
--भाजपा संविधान की पुजारी और आरक्षण का समर्थक : केशव प्रसाद मौर्य
प्रयागराज, 15 मार्च (हि.स)। भारतीय जनता पार्टी गंगा पार, जमुना पार एवं महानगर प्रयागराज के संयुक्त तत्वावधान में बसंतोत्सव एवं कार्यकर्ता मिलन का आयोजन परेड ग्राउंड में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह भरते हुए होली की शुभकामनाएं दी और ललकारते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का यह जन सैलाब 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की साइकिल पंचर कर उन्हें सैफई भेजने का काम करेगा और प्रयागराज के सभी 12 सीटों पर प्रचंड बहुमत के साथ कमल खिलाएंगे।
उन्होंने कहा सपा मुखिया अखिलेश यादव 2022 की तरह ही मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखते रह जाएंगे और भारतीय जनता पार्टी अपने कार्यकर्ताओं के दम पर 2017 का इतिहास दोहराएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा एलपीजी गैस बुकिंग को लेकर सिर्फ दुष्प्रचार कर रहे हैं और कुछ नहीं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युद्ध के समय भी ईरान के रास्ते से एलपीजी गैस और क्रूड ऑयल हमारा तिरंगा लहराते हुए बड़े शान से आ रहा है। उन्होंने कहा कि 2025 की लोकसभा चुनाव में दुष्प्रचार फैलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार सत्ता में रोकने के लिए संविधान का सहारा लेकर दुषप्रचार किया और कुछ हद तक वह सफल हो पाए। लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बने और कांग्रेसियों को 100 सीटों का आंकड़ा भी प्राप्त नहीं करने दिया। उन्होंने कहा सपा और कांग्रेस को हम ललकार कर कहते हैं भारतीय जनता पार्टी संविधान की पुजारी है और आरक्षण का समर्थक है।
डिप्टी सीएम ने आगे कहा कि जो अधिकारी सपा का एजेंट बनकर संविधान और आरक्षण के खिलाफ काम करेगा तो उसकी जांच बैठाएंगे और उसके खिलाफ कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सशक्त नेतृत्व में भारत विकसित भारत की ओर बढ़ रहा है। एक ऐसा भारत बन रहा है जो किसी देश को छेड़ता नहीं, लेकिन कोई हमें छेडे़गा तो हम उसे छोड़ेंगे भी नहीं। और जब जरूरत पड़ेगी तो हम फिर से सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर करने से नहीं चूकेंगे। क्योंकि हमारे लिए देश प्रथम है, बाद में दल है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन है देश के गरीबों को अमीर बनना, सशक्त और समृद्धशाली और विकसित भारत बनाना और जब तक गरीबों को हम अमीर नहीं बनाएंगे तब तक भारत विकसित भारत नहीं बन पाएगा।
यही कारण है देश प्रदेश की जनता भारतीय जनता पार्टी को चुन रही है। उन्होंने कहा अभी पिछले वर्षों में पांच राज्य के चुनाव हुए जिसमें चार राज्यों में कमल खिला और आगे होने वाले पांच राज्यों के चुनाव में हम सरकार बनाने जा रहे हैं। हम असम में तीसरी बार कमल खिलाने जा रहे हैं। पश्चित बंगाल और तमिलनाडु में भारतीय जनता पार्टी बड़ी पार्टी के रूप में उभरने वाली है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपनी कार्यकर्ताओं के बल पर पूरे पूर्वांचल में भगवा रंग की होली का उत्सव मना रही है। आगामी 2027 के चुनाव की तैयारी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता कर लें और पूर्वांचल के सभी सीटों पर कमल खिलाने के लिए तैयार हो जाए। कार्यक्रम संयोजक महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निराला पासवान, यमुनापार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कार्यकर्ताओं के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को बड़ी माला पहनाकर स्वागत किया।
मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर प्रख्यात लोक गायक कैलाश खेर और भोजपुरी गायक एवं सांसद मनोज तिवारी ने अपने गीतों की शानदार प्रस्तुति कर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में सांसद प्रवीण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष वीके सिंह, महापौर गणेश केसरवानी, क्षेत्रीय प्रभारी उत्तर मौर्य, क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश गौतम, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, केसरी देवी पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, हर्षवर्धन बाजपेई, राजमणि कोल, पीयूष रंजन निषाद, दीपक पटेल, पूजा पाल, एमएलसी सुरेंद्र चौधरी, पूर्व महापौर अभिलाष गुप्ता नदी, पूर्व विधायक उदयभान करवरिया, भाजपा मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी, दिलीप चतुर्वेदी, बृजेश त्रिपाठी एवं पाषर्दगण और हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

