चुनाव की तैयारी में जुटें कार्यकर्ता, जनता तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां : केशव प्रसाद मौर्य
2027 में साइकिल सैफई जाएगी, विपक्ष के सपने होंगे चकनाचूर : डिप्टी सीएम
प्रयागराज, 05 जून (हि.स.)। चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है, इसलिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं। यह बातें शुक्रवार शाम प्रयागराज शहीद चन्द्रशेखर आजाद सर्किट हाउस पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कहीं।
भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि जनता का भरोसा भारतीय जनता पार्टी पर कायम है। डबल इंजन सरकार ने गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए अनेक ऐतिहासिक कार्य किए हैं। हाल ही में सरकारी अधिवक्ताओं का मानदेय बढ़ाया गया है तथा महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इन उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनता को गुमराह करने के अलावा कोई मुद्दा नहीं है। मीडिया से बातचीत के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण संरक्षण हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया जा रहा है।
गाजीपुर में हुए एनकाउंटर और पुलिस पर पथराव की घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि वे अक्सर तथ्यहीन और ऊल-जुलूल बयान देते रहते हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में जिनका समर्थन किया, वे चुनाव हार गए। इसी कारण वे लगातार तनाव में रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की साइकिल सैफई तक सिमट जाएगी और विपक्ष के सत्ता में आने के सपने चकनाचूर हो जाएंगे।
शोक संतप्त परिवारों से मिले डिप्टी सीएम
प्रयागराज प्रवास के दौरान उपमुख्यमंत्री ने भाजपा काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता सहित भाजपा कार्यकर्ताओं महेंद्र तिवारी, मनोज पांडेय, सत्येंद्र कुशवाहा, सुशील केसरवानी और रंजीत गुप्ता के आवास पहुंचकर उनके परिजनों के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक परिवार है और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में पूरा संगठन उनके साथ खड़ा रहता है।
कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के प्रयागराज आगमन पर पुलिस लाइन हेलीपैड पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, डॉ. शैलेश पांडेय, अनुज कुशवाहा, रमेश पासी, विक्रम भदौरिया, कविता पटेल, विनोद प्रजापति, राजेंद्र मिश्र, पार्षद राजू शुक्ला, विजय द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, शुभम सिंह, निर्दोष सिंह 'गोलू', आशीष द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

