home page

सपा का घोषणापत्र ढकोसला पत्र, अखिलेश यादव काे कानून व्यवस्था पर बोलने का हक नहीं : केशव प्रसाद मौर्य

 | 
सपा का घोषणापत्र ढकोसला पत्र, अखिलेश यादव काे कानून व्यवस्था पर बोलने का हक नहीं : केशव प्रसाद मौर्य


कानपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी और कानून व्यवस्था दोनों एक-दूसरे के विपरीत हैं। सपा की सरकार में गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था की बदहाली का इतिहास रहा है। उसका घोषणापत्र भी जनता से किए गए वादों का ढकोसला पत्र है। उत्तर प्रदेश में 2027 में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने जा रही है।

यह बातें शनिवार को उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पत्रकारों से बातचीत में कहीं। उन्होंने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता और पदाधिकारी सक्रियता से जुटा हुआ है। वह इसी अभियान में शामिल होने और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने आए हैं। विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह के साथ अभियान के समापन के दिन पार्टी कार्यक्रम में व्यस्तता के कारण उपस्थित नहीं रह पाएंगे, इसलिए पहले ही कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचकर उनकी हौसला अफजाई करने आए हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान में पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया।

सपा के घोषणापत्र पर निशाना साधते हुए मौर्य ने कहा कि सपा कानून व्यवस्था सुधारने की बात करती है, जबकि उसकी राजनीति और कानून व्यवस्था का कोई मेल नहीं है। उन्होंने सपा के वादों की तुलना सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली के हज पर जाने से की। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार में प्रदेश में विकास और खुशहाली का माहौल बना है। इसे आगे बढ़ाने के लिए जनता से तीसरी बार भी कमल खिलाने की अपील की।

महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का यह ऐतिहासिक कदम है। आजादी के बाद महिलाओं को उनका अधिकार मिलना चाहिए था, लेकिन कांग्रेस और समाजवादी पार्टी जैसी विचारधारा के लोगों ने इसमें बाधा पहुंचाई। पिछली बार संसद में विधेयक पारित नहीं हो सका था, लेकिन इस बार लोकसभा और राज्यसभा में महिला आरक्षण तथा परिसीमन से जुड़े विधेयक पारित होने के संकेत मिल रहे हैं। इससे सांसदों और विधायकों की संख्या बढ़ेगी। अनुसूचित जाति और जनजाति के प्रतिनिधियों के साथ ही 33 प्रतिशत महिला सांसदों की भागीदारी भी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने अखिलेश यादव से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने की अपील करते हुए कहा कि विरोध करने पर उन्हें राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। भाजपा के खिलाफ बने सपा, कांग्रेस और अन्य दलों के गठबंधन को उन्होंने अपना राजनीतिक विरोधी बताया। मौर्य ने दावा किया कि भाजपा और एनडीए के पक्ष में 60 प्रतिशत वोट जुटाने का लक्ष्य है, जबकि शेष 40 प्रतिशत वोटों में बंटवारा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। जनता कमल खिलाना और साइकिल को पंचर कर सैफई भेजना चाहती है। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा फिर सरकार बनाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप