नियम-कानून से नहीं चल रहा विपक्ष, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाना गलत : केशव मौर्य
आज़मगढ़, 11 अप्रैल (हि.स.)। कप्तानगंज क्षेत्र के बड़सरा खालसा गांव में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पहुंचकर उनके पिता स्व. राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बड़सरा खालसा स्थित भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व एमएलसी विजय बहादुर पाठक के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके पिता स्वर्गीय राधेश्याम पाठक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने मतदाता सूची (एसआईआर) के मुद्दे पर सपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों को अनर्गल बताते हुए कहा कि विपक्ष नियम-कानून से नहीं चल रहा है। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अंतिम प्रकाशित मतदाता सूची में केवल उन्हीं लोगों के नाम हटाए गए हैं, जो मृतक हैं या स्थानांतरित हो चुके हैं, साथ ही कुछ घुसपैठियों के नाम भी सूची से हटाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति का नाम छूट गया है तो उसके लिए फॉर्म-6 की सुविधा उपलब्ध है, जबकि संशोधन और विलोपन के लिए फॉर्म-7 और 8 भी भरे जा सकते हैं। इसके बावजूद समाजवादी पार्टी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रही है और अपने समर्थकों को फॉर्म भरवाने के लिए प्रेरित नहीं कर रही है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक मजबूत संगठन वाली पार्टी है, जो बूथ स्तर तक सक्रिय है। जिन क्षेत्रों में भाजपा समर्थकों के नाम सूची से कटे हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ता उन्हें पुनः जुड़वाने का कार्य करेंगे।
धुरंधर पोस्टर विवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे बड़े अपराधियों को किसने संरक्षण दिया, यह सभी जानते हैं।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी लंबे समय तक सत्ता में रही, लेकिन इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण लागू किया गया, जिससे महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ेगा। साथ ही ‘लखपति दीदी’ जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है।
पश्चिम बंगाल की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी भाजपा का कमल खिलने जा रहा है। वहीं ओम प्रकाश राजभर द्वारा निषाद पार्टी की सीट मांगने के सवाल पर उन्होंने इसे गठबंधन का विषय बताते हुए कहा कि चुनाव के समय इस पर निर्णय लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान

