कानपुर को विकास में नंबर-1 बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध, आईटीबीपी जवान की मां मामले में होगी कड़ी कार्रवाई : ब्रजेश पाठक
कानपुर, 03 जून (हि.स.)। कानपुर को विकास और औद्योगिक प्रगति के मामले में प्रदेश का अग्रणी शहर बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। आईटीबीपी जवान की मां का हाथ काटे जाने की घटना में जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और शहर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए भी सरकार निरंतर प्रयासरत है।
यह बातें बुधवार काे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहीं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक आज कानपुर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर सिविल लाइंस स्थित पुलिस लाइन के हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह बिरहाना रोड स्थित कमलापत मेमोरियल (केपीएम) हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने अस्पताल का जायजा लिया और स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।
मीडिया से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कानपुर उनका घर है और विकास के मामले में इसे नंबर-1 बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कानपुर के औद्योगिक स्वरूप को पुनर्स्थापित करने और निवेश बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है। आईटीबीपी जवान की मां का हाथ काटे जाने की घटना पर उन्होंने कहा कि मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं, लखनऊ के संदीप हत्याकांड पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आई है। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही कुछ तत्व अपराध और अराजकता फैलाने का प्रयास करते हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
इस दौरान कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, उत्तर नगर अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण नगर अध्यक्ष शिवराम सिंह, पूर्व विधायक प्रत्याशी रघुनंदन सिंह भदौरिया सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने उपमुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

