home page

आजम जेल में रहें या बाहर, सपा की सियासत पर नहीं पड़ेगा कोई असर : ब्रजेश पाठक

 | 
आजम जेल में रहें या बाहर, सपा की सियासत पर नहीं पड़ेगा कोई असर : ब्रजेश पाठक


कानपुर, 19 नवंबर (हि.स.)। आजम खान जेल में रहें या बाहर, इससे 2027 के विधानसभा चुनाव में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। सपा की राजनीति अब जनता के बीच अपनी विश्वसनीयता खो चुकी है। गुंडों, माफियाओं और अराजक तत्वों को संरक्षण देने वाली राजनीति का उत्तर प्रदेश में दोबारा कोई भविष्य नहीं है। यह बातें गुरुवार को कानपुर पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कही।

कानपुर पहुंचे उप मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में सपा की विचारधारा पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि भारत माता को डायन कहने और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को भू-माफिया बताने वाले बयानों से सपा की मानसिकता उजागर होती है। भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभावना और बाबा साहेब के सम्मान के विपरीत सोच रखने वाली पार्टी को जनता पहले ही नकार चुकी है। अब प्रदेश में ऐसी राजनीति के लिए कोई जगह नहीं बची है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान बीमारू राज्य के रूप में थी। भ्रष्टाचार, अपराध और अव्यवस्था ने प्रदेश की छवि को नुकसान पहुंचाया था, लेकिन भाजपा सरकार ने इस तस्वीर को बदलने का काम किया है। आज उत्तर प्रदेश सर्वाधिक राजस्व संग्रह करने वाले राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मजबूत कानून व्यवस्था ने प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का रास्ता तैयार किया है।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर यह संदेश दिया है कि उत्तर प्रदेश में कानून से ऊपर कोई नहीं है। प्रदेश अब अपराध और अराजकता के लिए नहीं, बल्कि विकास, निवेश, सुशासन और बेहतर कानून व्यवस्था के लिए पहचाना जा रहा है।

गोरखपुर में अखिलेश यादव के काफिले में शामिल वाहन से हुई दुर्घटना में बच्चे की मौत को उप मुख्यमंत्री ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि घटना को लेकर कानून अपना काम करेगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर ब्रजेश पाठक ने विश्वास जताया कि जनता वर्ष 2027 में विकास और सुशासन के नाम पर भाजपा को समर्थन देगी। उन्होंने संकेत दिया कि भाजपा का चुनावी एजेंडा विकास, कानून व्यवस्था और जनकल्याण होगा, जबकि विपक्ष के पास जनता को बताने के लिए कोई ठोस उपलब्धि नहीं है।

इस दौरान क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, क्षेत्रीय सह मीडिया प्रभारी डॉ संजय सिंह, भाजपा दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह, सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप