home page

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आधा दर्जन प्रकल्पों का किया ई-लोकार्पण

 | 
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने आधा दर्जन प्रकल्पों का किया ई-लोकार्पण


--गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे: केशव प्रसाद मौर्य

मथुरा, 13 मई(हि.स.)। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि ‘गाय नहीं कटने देंगे, देश नहीं बटने देंगे’ यह हमारा दृढ़ संकल्प है। गौ माता के गर्दन पर आज खंजर नहीं चल सकता, लेकिन गाय के महत्व को भी हमें समझना होगा और इस समाज को समझाना भी होगा। डिप्टी सीएम ने प्रधानमंत्री की अपील पर कहा कि देश में तेल, गैस, पैसा सबकुछ है, मगर इस संकट के समय में हम अपना क्या योगदान दे सकते हैं, ये हमें सोचना चाहिए। पत्रकारों से वार्ता करते हुये कहा कि इस प्रकल्प के लिए जो भी सहयोग मुझसे होगा वो मैं करूंगा।

उप मुख्यमंत्री दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के द्वारा दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र गऊ ग्राम परखम के नवधा सभागार में बुधवार को आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पं० दीनदयाल उपाध्याय को यह देश ही नहीं संपूर्ण विश्व जानता है, आज उन्हीं के नाम पर इस परखम गांव में पं० दीनदयाल अनुसंधान केंद्र के तत्वावधान में समाज के कल्याण के लिए बहुत सारे प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। यह संसार का सर्वश्रेष्ठ अनुसंधान केंद्र बनेगा। मुझे जो कुछ बन पड़ेगा मैं इस संस्थान के लिए जरूर करूंगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार नहीं बल्कि आगे कई वर्षों तक उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार की चलती रहेगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से अनुरोध किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने का जो आग्रह किया है, उस आग्रह का आप सभी पालन कर सहयोग करें।

मुख्य वक्ता राजकुमार मटाले अखिल भारतीय सह सेवा प्रमुख राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने कहा कि परिवर्तन ही जीवंता का लक्षण है। समाज के सकारात्मक कार्यों से ही समाज का निर्माण होता है। भारत की आत्मा धर्म है और यहां पर चलने वाला यह कार्य धर्म का कार्य है। उन्होंने बताया कि गाय की महिमा का वेद काल से वर्णन है। वर्तमान काल खंड में गाय की महत्ता की आवश्यकता है। इस दृष्टि से यह अनुसंधान केंद्र सही सिद्ध हो रहा है। एशिया के इस सबसे बड़े अनुसंधान केंद्र में गाय पर अनुसन्धान होगे, जिससे गाय की महत्ता देश में ही नहीं विश्व पटल पर बढ़ेगी।

निरंजन पीठाधीश्वर श्री श्री 1008 आचार्य महामंडलेश्वर डॉ० स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि गाय पूरी दुनियां के लिए मां है, जो मानते हैं उनके लिए भी और जो नहीं मानते उनके लिए भी हितकारक है। गाय केवल भारत और सनातन धर्म की ही नहीं बल्कि पूरे विश्व की माता है। गाय सभी के लिए महत्वपूर्ण है। जो गऊ पंचगव्य का पान करेगा, वह हमेशा स्वस्थ्य रहेगा। शरीर को पवित्र करने के लिए गाय माता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है। गाय मां की सेवा से हम भगवान को प्राप्त करेंगे। सम्पूर्ण सृष्टि गाय में विद्यमान है।

ब्रज के सुप्रसिद्ध संत रामकथा मर्मज्ञ विजय कौशल महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि सभी लोग गायों को चारागाह में चरावने की व्यवस्था करें। गऊ चारागाह अधिक होने चाहिए, तभी गाय पालन की सार्थकता होगी। उन्होंने जगह- जगह चारागाह बनवाने का आव्हान किया। लोग गाय पालन की बजाय जमीन दान करें, जिससे प्राकृतिक रूप से चारागाह तैयार हो सकें।

इससे पूर्व समिति पदाधिकारियों द्वारा अतिथियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर किशन मोहन शर्मा एवं सुमित्रा शर्मा का विशेष सम्मान किया गया। कार्यक्रम की प्रस्तावना कामधेनु गौशाला समिति के मंत्री हरिशंकर शर्मा ने रखी, संचालन डॉ० अनुराग शर्मा एवं धन्यवाद ज्ञापन सतीश अवाना ने किया। इस अवसर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डॉ० दिनेश, अजित महापात्र संयोजक, अखिल भारतीय गौ गतिविधि, क्षेत्र प्रचारक महेंद्र शर्मा, क्षेत्र संपर्क प्रमुख हरीश रौतेला, केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, योगेंद्र उपाध्याय उच्च शिक्षा मंत्री, निदेशक केशवधाम ललित कुमार, निदेशक दीनदयाल धाम सोनपाल, क्षेत्र प्रचार प्रमुख कीर्ति कुमार, केएलएल पाठक पूर्व कुलपति दिवासु, प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, शशाक भाटिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामाशंकर कठेरिया, सांसद तेजवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी, विधायक पूरन प्रकाश, मेघश्याम सिंह, एमएलसी ठा० ओम प्रकाश सिंह, ऋषि पाल, रजनीकांत, मानवेंद्र सिंह, रमाकांत उपाध्याय, नरेंद्र शर्मा, बादाम सिंह, चंद्रशेखर, मीडिया प्रमुख मुकेश शर्मा, जसवंत सैनी, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडेय, पूर्व विधायक करिंदा सिंह, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, नरेंद्र पाठक, अमित जैन, राम पाठक आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार