उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने जिला अस्पताल का किया निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश
गोरखपुर, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को गोरखपुर दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को मरीजों को बेहतर उपचार के साथ-साथ सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
दौरे की शुरुआत जिला अस्पताल के निरीक्षण से हुई। उप मुख्यमंत्री ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण कर भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया और उपचार, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि उन्हें समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं तथा किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है।
निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी वार्ड में उमस और गर्मी की स्थिति को देखते हुए पाठक ने तत्काल एयर कंडीशनर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराना भी स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पतालों में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उप मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने के लिए वॉक-इन इंटरव्यू के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त संख्या में डॉक्टरों की उपलब्धता से मरीजों को समयबद्ध और बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी।
निरीक्षण के उपरांत पाठक ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अपर निदेशक स्वास्थ्य, मुख्य चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न चिकित्सा इकाइयों की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण करने तथा निरीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।
बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनहित में किए जा रहे अभिनव प्रयासों और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की सराहना की।
दौरे के दौरान पाठक ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत जिला अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया। इस अवसर पर गोरखपुर के सदर सांसद रवि किशन शुक्ल सहित प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री ने एक निजी मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में भी भाग लिया और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

