home page

प्रकाश पाल के बड़े भाई को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी श्रद्धांजलि

 | 
प्रकाश पाल के बड़े भाई को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने दी श्रद्धांजलि


कानपुर, 10 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रविवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल के बर्रा स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने प्रकाश पाल के बड़े भाई स्वर्गीय राम पाल को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदनाएं व्यक्त कीं।

उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वर्गीय राम पाल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।

ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वर्गीय राम पाल का जीवन बेहद सरल, सौम्य और समाजसेवा के प्रति समर्पित रहा। उनका व्यवहार सभी लोगों के प्रति आत्मीय था, जिसके कारण समाज में उनका विशेष सम्मान था। उन्होंने कहा कि उनका निधन न केवल परिवार बल्कि शुभचिंतकों और क्षेत्र के लोगों के लिए भी बड़ी क्षति है।

उप मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों अजीत पाल, अमन पाल, यश पाल सहित अन्य परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान आवास पर बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए परिवार को सांत्वना दी।

बताया गया कि स्वर्गीय राम पाल का बीते शनिवार हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार रविवार को कानपुर के भैरव घाट पर हुआ, जहां बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप