home page

आर्टीजन कार्ड के लिए विभाग नहीं लगाएगा कैंप, इच्छुक संस्थाओं को मिलेगा सहयोग

 | 

मुरादाबाद, 07 जुलाई (हि.स.)। हस्तशिल्प एवं वस्त्र विभाग फिलहाल आर्टीजन कार्ड बनाने के लिए जनपद मुरादाबाद में विशेष शिविर आयोजित नहीं करेगा। विभाग के पास इसके लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं है। हालांकि यदि कोई उद्योग संगठन, निर्यातक, स्वयंसेवी संस्था या अन्य इच्छुक संगठन अपने स्तर पर कैंप आयोजित करना चाहता है, तो विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

कार्यालय विकास आयुक्त हस्तशिल्प वस्त्र मंत्रालय सहायक निदेशक पुलकित जैन ने बताया कि कैंप के आयोजन के लिए स्थान और कारीगरों की व्यवस्था संबंधित संस्था को करनी होगी। इसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर पात्र कारीगरों के आवेदन लेकर आर्टिजन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करेगी। उनका कहना है कि अधिक से अधिक कारीगरों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। यदि विभिन्न संस्थाएं आगे आती हैं तो बड़ी संख्या में कारीगरों के आर्टिजन कार्ड बनाए और अपडेट किए जा सकेंगे।

हैंडीक्रॉफ्ट डेवलेपमेंट सोसायटी के प्रेसीडेंट नोमान मंसूरी का कहना है कई साल पहले कारीगरों का आर्टिजन कार्ड बनाने के लिए प्रशासन के सहयोग से कैंप लगाया गया था। उस दौरान संस्थाओं ने सहयोग किया था। इस बार भी अगर कैंप लगवाया जाता है तो संस्थाएं पूरा सहयोग करेंगी।

-------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल