home page

देवरिया : युवा उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य और कविता में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा

 | 
देवरिया : युवा उत्सव में लोकगीत, लोकनृत्य और कविता में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा


- पलक एंड ग्रुप ने लोकगीत और रिमझिम एंड ग्रुप ने लोकनृत्य में मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग

देवरिया, 05 नवंबर (हि.स.) । युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को संत विनोबा पीजी कॉलेज में जनपद स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, कविता और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष गिरीश चंद्र तिवारी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए उचित मंच और अवसर देना जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं की रचनात्मक क्षमता को बढ़ाने के साथ भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं को संरक्षित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

विशिष्ट अतिथि सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही दिशा और मंच देने की है। युवा उत्सव जैसे आयोजनों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की छिपी प्रतिभाएं सामने आती हैं। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अर्जुन मिश्रा ने कहा कि शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियां भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाती हैं।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी काशीनाथ ने कहा कि विभाग का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देना है। मेरा युवा भारत के जिला युवा अधिकारी चंद्रभूषण चौबे ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता के परिणाम में लोकगीत समूह में पलक एंड ग्रुप ने प्रथम, सुनीता एंड ग्रुप ने द्वितीय और खुशी एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकनृत्य में रिमझिम एंड ग्रुप प्रथम, आयुषी एंड ग्रुप द्वितीय और धरा एंड ग्रुप तृतीय स्थान पर रहे। कविता प्रतियोगिता में रोशनी मणि त्रिपाठी प्रथम, अपराजिता दुबे द्वितीय और श्रीवर्धन शिवम सिंह तृतीय रहे। वहीं पेंटिंग प्रतियोगिता में यशी मौर्या प्रथम, तूलिका चौरसिया द्वितीय और प्रिया कुशवाहा तृतीय स्थान पर रहीं। विजेता प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

निर्णायक मंडल में डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. साधना तिवारी, डॉ. प्रीति सिंह, स्वामी विजयमल्ल और दयानंद मिश्रा शामिल रहे। कार्यक्रम प्रभारी नीरज मिश्रा ने अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस दौरान क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी निखिल आनंद, संतोष यादव, आशीष सिंह, अर्जुन सिंह, कुलदीप साहू, विशाल कुमार गुप्ता, युवक मंगल दल अध्यक्ष विकास यादव, शिवम पांडेय, ओमप्रकाश यादव, रत्नेश प्रसाद, सत्यम, जयमंगल और वीरबहादुर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक