home page

देवरिया : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति सम्मान समारोह में महिलाओं को किया गया सम्मानित

 | 
देवरिया : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति सम्मान समारोह में महिलाओं को किया गया सम्मानित


देवरिया : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति सम्मान समारोह में महिलाओं को किया गया सम्मानित


देवरिया : लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति सम्मान समारोह में महिलाओं को किया गया सम्मानित


देवरिया, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जय जागृति फाउंडेशन के तत्वावधान में शुक्रवार को सोंदा स्थित रॉयल पैलेस लॉन में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी शक्ति सम्मान समारोह एवं विचार संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें नारी शक्ति, सुशासन, सामाजिक समरसता और जनसेवा के क्षेत्र में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद किया गया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. रजनी पटेल और मुख्य वक्ता दिवाकर त्रिपाठी रहे। आयोजन जय जागृति फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं अधिवक्ता संतोष कुमार तिवारी के नेतृत्व में हुआ।

विचार संगोष्ठी का विषय ‘लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर: नारी शक्ति, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणास्रोत’ रहा। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, न्याय, कर्तव्यनिष्ठा और जनकल्याण का प्रतीक है। उन्होंने अपने शासनकाल में जनहित को प्राथमिकता देते हुए सुशासन की मिसाल पेश की। उनके आदर्श आज भी समाज और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

मुख्य अतिथि डॉ. रजनी पटेल ने नारी शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाओं में समाज को दिशा देने और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपार क्षमता है। वहीं, मुख्य वक्ता दिवाकर त्रिपाठी ने कहा कि महिलाओं की प्रतिभा, परिश्रम और नेतृत्व क्षमता को उचित सम्मान तथा अवसर मिलना चाहिए। महिलाओं की भागीदारी से परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति को नई दिशा मिलती है।

फाउंडेशन के अध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली महिलाओं का उत्साहवर्धन करना है। नारी सम्मान केवल समारोह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे सामाजिक व्यवहार और जीवन मूल्यों का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है।

समारोह में चिकित्सा क्षेत्र से डॉ. बबीता, डॉ. नीहारिका, डॉ. अफसाना और डॉ. वर्षा को सम्मानित किया गया। इसके अलावा कवयित्री प्रार्थना राय, पार्वती, रंधा, लोकगायिका अंजना मिश्रा, समाजसेवी विभा पांडेय, शालिनी, कुसुम, स्मिता, सुमन मालवीय, पूजा गुप्ता और रीमा सिंह को सम्मान मिला। शिक्षा क्षेत्र से रानी दुर्गावती मारवाड़ी गर्ल्स इंटर कॉलेज तथा वंदना त्रिपाठी, अधिवक्ता प्रियंका त्रिपाठी और अधिवक्ता अकिता राव को भी सम्मानित किया गया। खिलाड़ी शारिसा और आयुषी को भी सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के माध्यम से नारी सम्मान, सामाजिक समरसता, सुशासन और जनसेवा के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक