बंटवारे के विवाद में महिला पर हमला, इलाज के दौरान मौत, चार आरोपित गिरफ्तार
देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के वर्दगोनिया गांव में बंटवारे और आने-जाने के विवाद में महिला पर हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपिताें को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से महिला का छीना गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है। घायल महिला की इलाज के दौरान मौत होने के बाद मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई गई थी।
पुलिस के अनुसार 13 सितंबर को वर्दगोनिया निवासी जगवन्ती देवी पत्नी गोविन्द निषाद ने गौरीबाजार थाने में तहरीर दी थी। आरोप था कि बंटवारे और आने-जाने की बात को लेकर आरोपिताें ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से पीछे से हमला कर दिया और उनका मोबाइल छीन लिया। बचाव में पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।
घटना में घायल जगवन्ती देवी का इलाज चल रहा था। चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की। पुलिस ने मंगलवार को मामले में वांछित चार आरोपिताें को लंगड़ी चौराहे पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपिताें में सुरेंद्र निषाद (58) पुत्र चंद्रमा निषाद, राजू निषाद उर्फ गोलू (28) पुत्र महेंद्र निषाद, देववंती देवी (55) पत्नी सुरेंद्र निषाद और आंचल (18 वर्ष छह माह) पुत्री सुरेंद्र निषाद निवासी वर्दगोनिया, थाना गौरीबाजार शामिल हैं। पुलिस ने राजू निषाद उर्फ गोलू के पास से महिला का छीना गया वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

