home page

देवरिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 21 और 23 सितंबर को होंगे वैवाहिक कार्यक्रम

 | 

देवरिया, 16 सितंबर (हि.स.)। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में पात्र जोड़ों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने बताया कि निर्धारित तिथियों पर विकासखंड एवं नगर निकायवार सामूहिक विवाह कार्यक्रम की तैयारियां सुनिश्चित कर ली गई हैं।

उन्होंने बताया कि 21 सितंबर, सोमवार को मां वैष्णो मैरिज हाल, रतसिया मोड़, भाटपाररानी (नियर केनरा बैंक के बगल में) में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें विकासखंड भाटपाररानी एवं बनकटा तथा नगर निकाय भाटपाररानी क्षेत्र के पात्र जोड़ों का विवाह कराया जाएगा। वहीं 23 सितंबर, बुधवार को श्री हरि लॉन, भबौली बाईपास, रुद्रपुर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम होगा। इसमें विकासखंड रुद्रपुर एवं गौरीबाजार तथा नगर निकाय रुद्रपुर, गौरीबाजार एवं मदनपुर क्षेत्र के पात्र जोड़े शामिल होंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम आवेदकों की सहमति प्राप्त होने के आधार पर आयोजित किए जा रहे हैं। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए जाएंगे, जबकि 21 हजार रुपये गृहस्थी की सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन, भोजन, टेंट एवं वैवाहिक व्यवस्था आदि पर खर्च किए जाएंगे।

उन्होंने योजना के लिए आवेदन करने वाले ऐसे वर-वधू, जिनके आधारकार्ड में बचपन की फोटो लगी है। आधार अपडेट नहीं कराया गया है, से तत्काल अपना आधार अपडेट कराने की अपील की है, ताकि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक