home page

देवरिया : साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 20 हजार रुपये

 | 
देवरिया : साइबर ठगी के शिकार व्यक्ति को वापस मिले 20 हजार रुपये


देवरिया, 10 अक्टूबर (हि.स.)। साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को बरियारपुर थाना की साइबर पुलिस टीम ने राहत दिलाते हुए उसके खाते में 20 हजार रुपये वापस कराए हैं। न्यायालय के आदेश पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पीड़ित को उसकी धनराशि वापस कराई गई। रुपये वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम के प्रति आभार जताया।

क्षेत्राधिकार संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि बरियारपुर थाना क्षेत्र के पड़रीमल्ल नगर निवासी राणा प्रताप मल्ल साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। उन्होंने सात जुलाई को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत का संज्ञान लेते हुए बरियारपुर थाने की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई की और ठगी की रकम को समय रहते होल्ड करा दिया।

इसके बाद न्यायालय के आदेश के माध्यम से आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। इसके परिणामस्वरूप 20 हजार रुपये पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दिए गए। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई करने वाली टीम में साइबर प्रभारी उपनिरीक्षक दीपमंजरी पांडेय, आरक्षी अभिषेक यादव, प्रियेश यादव और विवेक सिंह चंदेल शामिल रहे।

देवरिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें और www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को होल्ड कराने और वापस पाने की संभावना बढ़ जाती है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक