home page

ट्रेन में यात्री का मोबाइल झपटने वाले दो युवक गिरफ्तार, 23 हजार का मोबाइल बरामद

 | 
ट्रेन में यात्री का मोबाइल झपटने वाले दो युवक गिरफ्तार, 23 हजार का मोबाइल बरामद


देवरिया, 11 नवंबर (हि.स.)। देवरिया सदर के पास ट्रेन में यात्री का मोबाइल झपटकर फरार हुए दो युवकों को जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से 23 हजार रुपये कीमत का वीवो कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तार दोनों आरोपित देवरिया जिले के रहने वाले हैं।

जीआरपी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान करन शाह (22) पुत्र लक्ष्मी शाह निवासी भीखमपुरा, थाना रामपुर कारखाना और मनीष वर्मा (22) पुत्र नन्हे वर्मा निवासी बैरौना, थाना खुखुंदू के रूप में हुई है। दोनों ने 10 नवंबर को ट्रेन संख्या 15034 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में चकियवा ढाला के पास एक यात्री का वीवो टी-4 मोबाइल झपट लिया था और मौके से फरार हो गए थे।

घटना के संबंध में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान जीआरपी थाना देवरिया और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार, 11 नवंबर को रेलवे स्टेशन देवरिया सदर के मालगोदाम रोड पर चकियवा ढाला से करीब 150 मीटर पहले घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का मोबाइल बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी और झपटमारी करते थे। चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के पीछे उनका उद्देश्य अपने ऐशो-आराम के लिए रुपये जुटाना था। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे आरके भारद्वाज और पुलिस अधीक्षक रेलवे लक्ष्मी निवास मिश्र के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपाधीक्षक रेलवे बलिया सविरत्न गौतम के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम ने गिरफ्तारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक