home page

देवरिया : सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार एक युवक की मौत, दूसरा घायल

 | 
देवरिया : सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार एक युवक की मौत, दूसरा घायल


देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भटनी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

भटनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय राय ने बताया कि गोपालपुर गांव अंतर्गत पब्लिक स्कूल के समीप तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से भटनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे की हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल देवरिया रेफर किया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान गोपालगंज (बिहार) के नौतन थाना क्षेत्र के ताली विशुनपुर निवासी शशि पटेल (20) पुत्र दरोगा पटेल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मृतक शशि पटेल अपने रिश्तेदार अमन पटेल पुत्र लाल साहब पटेल, निवासी चकउरफकीर (भटनी) को छोड़ने आ रहा था, तभी ये हादसा हो गया।

मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक