home page

देवरिया: तीन दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, सौ घरों की बिजली गुल, ग्रामीण परेशान

 | 
देवरिया: तीन दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, सौ घरों की बिजली गुल, ग्रामीण परेशान


देवरिया, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में भटनी विकास खंड के बलुआ अफगान स्थित महुलन चौराहे पर लगा बिजली ट्रांसफार्मर सोमवार को जल गया। इसके बाद से करीब सौ घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। लगातार तीन दिन से बिजली नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी और मच्छरों के बीच भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीण अमीत , बबलू ,डब्लू का कहना है कि बिजली गुल होने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। रात में लोगों की नींद हराम हो गई है, वहीं बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज भी बाधित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि ट्रांसफार्मर जलने के बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और कई बार स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर भी सूचना दी, लेकिन अब तक ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया। उनका कहना है कि सरकार की ओर से 48 घंटे के भीतर जला ट्रांसफार्मर बदलने के निर्देश हैं, इसके बावजूद विभाग लापरवाही बरत रहा है।

भोला कुशवाहा, भीमलाल कुशवाहा, धर्मेंद्र कुशवाहा और देवेंद्र प्रजापति समेत अन्य ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

इस संबंध में विद्युत विभाग के एसडीओ चंद्र भूषण प्रताप ने बताया कि जले हुए ट्रांसफार्मर के स्थान पर नया ट्रांसफार्मर लगाने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक