home page

देवरिया: पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, 5 गिरफ्तार

 | 
देवरिया: पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं का किया खुलासा, 5 गिरफ्तार


देवरिया, 23 मार्च (हि.स.)। जनपद के थाना तरकुलवा पुलिस ने चोरी की दो बड़ी घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए एक बालक सहित कुल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी का भारी मात्रा में सामान भी बरामद किया है। बरामद सामान में 5 बैटरी, एक इलेक्ट्रिक टुल्लू मोटर, एक इनवर्टर, दो एलईडी टीवी, एक हैंडपंप, चोरी के उपकरण, एक जोड़ी पाजेब, चार जोड़ी पायल और चार बिछिया शामिल है।

क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के अनुसार, यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस ने मलघोट विरैचा गांव के बाहर स्थित एक बाग से अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में विशाल शाह, प्रेमकुमार, उपेंद्र उर्फ गुच्चू, रोहित तथा एक नाबालिग शामिलहैं। तलाशी के दौरान आरोपितों के पास से चोरी करने के औजार जैसे प्लास, लोहे की छड़, पेचकस, रिंच, आरी आदि बरामद किए गए।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे दिन में कबाड़ बीनने का काम करते थे और सूनसान घरों या स्कूलों की पहचान कर रात में ताला तोड़कर चोरी करते थे। चोरी किए गए सामान को बेचकर आपस में पैसा बांट लेते थे। आरोपितों की निशानदेही पर उनके ठिकानों से चोरी का सामान बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने चोरी के सोने के जेवर और टीवी को किसन जायसवाल नामक व्यक्ति को 90 हजार रुपये में बेच दिया था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं।

गौरतलब है कि बीते 7 फरवरी को एक घर में और 14 मार्च को एक स्कूल में चोरी की घटनाएं हुई थीं, जिनके संबंध में थाना तरकुलवा में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही थी। पुलिस ने दोनों मामलों का खुलासा करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी

है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक