home page

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे : कृषि मंत्री

 | 
जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे : कृषि मंत्री


जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचे : कृषि मंत्री


- सेवा संकल्प शिविर में 62 मत्स्य पालकों का पंजीकरण, 173 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण

देवरिया, 30 सितंबर (हि.स.)। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड बैतालपुर में सेवा संकल्प अभियान के तहत विशेष बहुविभागीय सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया। शिविर में कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान, उद्योग एवं उद्यमिता प्रोत्साहन, सहकारिता, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, चिकित्सा, खाद्य एवं रसद और राजस्व समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाए।

शिविर में बड़ी संख्या में किसान, पशुपालक, मत्स्य पालक, उद्यमी और ग्रामीण पहुंचे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने के लिए जानकारी व सहायता उपलब्ध कराई। कृषि विभाग के स्टॉल पर प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि समेत किसान हितैषी योजनाओं, कृषि निवेश और कृषि यंत्रों की जानकारी दी गई। विभिन्न योजनाओं के तहत 50 से अधिक लाभार्थियों के आवेदन एवं प्रकरण दर्ज किए गए।

मत्स्य विभाग के स्टॉल पर मछुआ समुदाय और मत्स्य पालकों को अनुदान तथा मत्स्य पालन से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई। डिजिटल पहचान उपलब्ध कराने के लिए एनएफडीपी पोर्टल पर 62 मत्स्य कृषकों का पंजीकरण किया गया। पशुपालन विभाग की योजनाओं के लिए 75 पंजीकरण प्राप्त हुए। पशुपालकों को पशु स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। खाद्य एवं रसद विभाग के स्टॉल पर 10 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें दो पात्र लाभार्थियों के राशन कार्ड मौके पर ही जारी किए गए।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभार्थियों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक बिना परेशानी पहुंचे। ऐसे शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने प्राप्त आवेदनों पर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई कर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने पैर से दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल वितरित की। कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया समझाई। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना, पात्र लाभार्थियों की पहचान करना और उन्हें योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, किसान, पशुपालक, मत्स्य पालक, उद्यमी, लाभार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक