home page

सेवा संकल्प अभियान में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें : संत राज

 | 
सेवा संकल्प अभियान में बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को सक्रिय करें : संत राज


-सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर भाजपा की बैठक सम्पन्न

- कार्यकर्ताओं को अभियान की सफलता के लिए जुटने का आह्वान, बूथ स्तर तक कार्यक्रमों को पहुंचाने पर जोर

देवरिया, 14 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर आज गरुलपार में भाजपा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा संगठनात्मक स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुटने का आह्वान किया गया।

बैठक के मुख्य अतिथि भाजपा के जिला प्रभारी संतराज यादव ने कहा कि सेवा ही संगठन की मूल भावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सेवा और सहायता का संदेश पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभियान के सभी कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करते हुए निर्धारित कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान संगठन के लिए जनसेवा का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से कहा कि अभियान से जुड़े सभी कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय कर कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया जाए, ताकि अभियान का व्यापक प्रभाव दिखाई दे।

बैठक के समापन पर हरेंद्र जायसवाल ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की एकजुटता और सक्रियता से सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाया जाएगा। बैठक का संचालन जिला महामंत्री अजय कुमार दुबे ने किया। बैठक में मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष अशोक पांडे, नागेशपति त्रिपाठी, अरविंद पांडे बबुना, बबीता चौहान, राघवेंद्र वीर विक्रम सिंह, अजीत सिंह, जितेंद्र सिंह सैंथवार, कृष्णनाथ राय, डा विनय राव, जिला मंत्री गोविंद चौरसिया, रंजना देवी भारती, रवि प्रकाश कुशवाहा, रामजोखन निषाद, मीडिया संयोजक प्रभाकर तिवारी, मारकंडे गिरी, सुनील गुप्ता, राहुल कुमार, शिवेश पांडे, रूपम पांडे, विजय बेलदार, राजेश निषाद, राजन यादव, यशवंत शाही सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे ।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक