home page

देवरिया : एकता दिवस के रूप में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प

 | 
देवरिया : एकता दिवस के रूप में मनाई गई सरदार पटेल की जयंती, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प


- भाजपा कार्यालय औरा चौरी में आयोजित हुआ कार्यक्रम, लौह पुरुष के योगदान को किया गया याद

देवरिया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय औरा चौरी पर शनिवार को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया और राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता भाजपा जिला महामंत्री अजय कुमार दुबे ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। स्वतंत्रता के बाद देश को एक सूत्र में पिरोने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, कुशल नेतृत्व और मजबूत संकल्प शक्ति से सैकड़ों रियासतों का भारत में विलय कराकर अखंड भारत की नींव मजबूत की। इसी अद्वितीय योगदान के कारण उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प दिवस है। सरदार पटेल के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने स्वतंत्रता के बाद थे। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरविंद पांडे बबुना, अजीत सिंह, राहुल सिंह, सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक