home page

देवरिया : बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन

 | 
देवरिया : बरहज-सोनूघाट मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर प्रदर्शन


देवरिया, 31 अक्टूबर (हि.स.)। बरहज विधानसभा क्षेत्र में बरहज-सोनूघाट मार्ग का निर्माण कराने, टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और बेलडाण-कटनईया मार्ग की मरम्मत कराने की मांग को लेकर शनिवार को बरहज-देवरिया मार्ग स्थित काली मंदिर के पास बैठक कर सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी (सपा) नेता विजय रावत ने किया। इस दौरान सड़क निर्माण में हो रही देरी और मार्गों की बदहाल स्थिति को लेकर नाराजगी जताई गई।

सपा नेता विजय रावत ने कहा कि पिछले दस वर्षों से बरहज-सोनूघाट मार्ग जर्जर और टूटी हुई स्थिति में है। इस सड़क के निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रवासियों के साथ सैकड़ों बार धरना-प्रदर्शन और पदयात्रा की गई। इसके बाद सरकार और जनप्रतिनिधियों ने सड़क निर्माण की सुध ली और इसके लिए धन स्वीकृत किया गया। लेकिन पिछले चार महीनों में इस सड़क का चार बार टेंडर निरस्त हो चुका है, जिससे निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि एक पेड़ मां के नाम अभियान चलाने वाली भाजपा सरकार में इस सड़क के किनारे लगे हजारों पेड़ों को बेच दिया गया, लेकिन सड़क निर्माण के लिए अब तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। वहीं, बेलडाण-कटनईया मार्ग निर्माण में कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह सड़क एक साल भी नहीं चल सकी और टूटकर खराब हो गई।

विजय रावत ने बताया कि इन सभी समस्याओं को लेकर सोमवार को एसडीएम बरहज को ज्ञापन सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि बरहज का विकास समाजवादी पार्टी के शासनकाल में हुआ है और समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान गुड्डू यादव, राजेश राजभर, श्रवण गौड़, अवरुद्ध यादव, समीर सिंह, अरविंद कुशवाहा, विजय पटेल, वीरेंद्र यादव सहित कई लोग मौजूद रहे।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक