home page

सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा : जिलाधिकारी

 | 
सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा : जिलाधिकारी


देवरिया, 06 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया के नवागत जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने बुधवार काे कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकार वार्ता कर अपनी प्राथमिकताएं गिनायीं। उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रहती है कि सभी के साथ संवाद बनाए रखें। सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा और इस पर सीधे मुझसे ही बात होगी।

उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर शिक्षा, स्वास्थ्य, बाल एवं महिला विकास पर फोकस रहता है। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के गुणवत्तापूर्ण समाधान में संवाद की अहम भूमिका होती है। मेरा प्रयास रहेगा कि सभी से संवाद बना रहे और जो भी समस्या है उसका समाधान प्राथमिकता के साथ हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि मीडिया जन समस्याओं को सामने लाने में अहम भूमिका निभाती है। इससे मिलने वाली जानकारी से कार्यों में जहां सुधार लाने की गुंजाइश रहती है, वहीं योजनाओं के क्रियान्वयन में कमियों को दूर करने में सहयोग मिलता है।

उन्होंने कहा कि मेरी कोशिश रहती है कि सभी के साथ संवाद बनाए रखें। सीयूजी नंबर अब मेरे ही पास रहेगा, उसे मैं ही उठाऊंगा और इस पर सीधे मुझसे ही बात होगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की अच्छी टीम है। सभी के प्रयास व सहयोग से जनपद को विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में अग्रणी रखा जाएगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी विजय कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) प्रेम नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त) राम शंकर उपस्थित रहे।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक