home page

केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से आया लोगों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव : शशांक मणि

 | 
केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं से आया लोगों के जीवन में आया सकारात्मक बदलाव : शशांक मणि


देवरिया, 15 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिया में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को विकास भवन स्थित गांधी सभागार में बैठक हुई। सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अभियान को जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। सांसद ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

सदर सांसद ने कहा कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर है। केंद्र सरकार के 12 वर्षों और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

उन्होंने लाभार्थियों से योजनाओं से मिले लाभ और जीवन में आए बदलावों को रील्स के माध्यम से साझा करने की अपील की, ताकि दूसरे लोग भी योजनाओं के प्रति जागरूक होकर उनका लाभ उठा सकें।

बताया गया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर को सेवा दिवस के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगा। इसमें जनपद के घरों में लाभार्थियों समेत आमजन दीप प्रज्वलित करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के जरिए नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। विधानसभावार, विकासखंडवार और ग्राम पंचायतवार कार्यक्रमों के माध्यम से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा-विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’ समेत कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो, महायज्ञ, प्रार्थना सभाएं, ग्राम चौपाल और सीधा संवाद भी आयोजित किया जाएगा।

बैठक में सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, बांसगांव सांसद प्रतिनिधि संजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक