home page

देवरिया : सेवा ज्योति यात्राओं के साथ देवरिया में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा

 | 
देवरिया : सेवा ज्योति यात्राओं के साथ देवरिया में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा


देवरिया : सेवा ज्योति यात्राओं के साथ देवरिया में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा


देवरिया : सेवा ज्योति यात्राओं के साथ देवरिया में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा




देवरिया, 07 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को देवरिया क्लब में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। जिले की सभी सातों विधानसभा क्षेत्रों से जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में दोपहिया व चारपहिया वाहनों से सेवा ज्योति यात्राएं निकाली गईं। विभिन्न क्षेत्रों से निकली यात्राएं सुबह करीब 10 बजे देवरिया क्लब पहुंचीं। यहां कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन सुना।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पूर्व सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी ने कहा कि देश की सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प का प्रमुख आधार है। सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों में सहभागी बनता है।

परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचने और जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

सांसद शशांक मणि ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है। सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए विकास और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत किया जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ स्तर तक पहुंचकर सेवा एवं जनकल्याण का संदेश दे रहे हैं। सातों विधानसभा क्षेत्रों से निकली सेवा ज्योति यात्राएं इसी संकल्प और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी का प्रतीक हैं।

नुक्कड़ नाटक से दिया सेवा का संदेश

प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के बाद लखनऊ से आए कलाकारों ने सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया।

रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक पर हुआ समापन

विकसित भारत संकल्प सभा के बाद सातों विधानसभा क्षेत्रों से लाई गई सेवा ज्योति यात्रा के कलश को शहीद रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक स्थल ले जाया गया, जहां यात्रा का विधिवत समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अजय कुमार दुबे ने किया।

इस अवसर पर सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी, विधान परिषद सदस्य डॉ. रतनपाल सिंह, जिला पंचायत प्रशासक गिरीश चंद तिवारी, विधायक सुरेंद्र चौरसिया, विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, विधायक जयप्रकाश निषाद, जिला प्रभारी देवेंद्र यादव, निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार दुबे समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक