home page

देवरिया : महिला थाने के प्रयास से परिजनों से मिली लापता वृद्धा

 | 
देवरिया : महिला थाने के प्रयास से परिजनों से मिली लापता वृद्धा


देवरिया, 28 सितंबर (हि.स.)। महिला थाना पुलिस के प्रयास से मानसिक रूप से अस्वस्थ 65 वर्षीय वृद्ध महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द आज कर दिया गया। महिला 24 सितंबर की रात बिना बताए घर से निकल गई थी और कई दिनों से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार 24 सितंबर की रात करीब साढ़े नौ बजे महिला थानाध्यक्ष को भटकती हुई वृद्ध महिला मिली। वह अपने और परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही थी। केवल बार-बार खरजरवां गांव का नाम बता रही थी। महिला की स्थिति को देखते हुए अगले दिन उसे मेडिकल कॉलेज देवरिया के साइकेट्रिक विभाग के महिला इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।

महिला थानाध्यक्ष ने खरजरवां के ग्राम प्रधान और संबंधित बीट आरक्षी को महिला का फोटो और वीडियो भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया। 28 सितंबर को महिला के रिश्तेदार बहनोई और मामा के बेटे थाने पहुंचे। उन्होंने महिला की पहचान सैरुलनिशा पत्नी अनवारुल, निवासी बनौरा बख्तावरगंज, जनपद मऊ के रूप में की। पहचान के लिए महिला, उसके पति और पुत्र के आधार कार्ड भी प्रस्तुत किए।

पुत्र की सहमति के बाद महिला को मेडिकल कॉलेज से डिस्चार्ज कराकर सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने पुलिस की मानवीय पहल के लिए आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक