home page

देवारिया : त्योहारों से पहले देवरिया पुलिस में बड़ा फेरबदल, 26 दरोगाओं समेत 70 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले

 | 
देवारिया : त्योहारों से पहले देवरिया पुलिस में बड़ा फेरबदल, 26 दरोगाओं समेत 70 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले


देवरिया, 09 अक्टूबर (हि.स.) । उत्तर प्रदेश के देवरिया में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल किया है। गुरुवार देर रात किए गए इस बदलाव में 26 दरोगाओं समेत करीब 70 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदल दिए गए हैं। पुलिस लाइन और आरटीसी में तैनात पुलिसकर्मियों को थानों पर भेजने के साथ ही कुछ पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर भी किया गया है।

पुलिस लाइन में तैनात 17 पुरुष दरोगाओं और आरटीसी में तैनात दो महिला दरोगाओं को विभिन्न थानों पर तैनाती दी गई है। इसके अलावा पुलिस लाइन में तैनात 29 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल को भी जिले के अलग-अलग थानों में भेजा गया है। इस फेरबदल को त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है।

तबादले के तहत देवरिया कोतवाली, सलेमपुर, गौरीबाजार, श्रीरामपुर, साइबर थाना, सदर कोतवाली, सुरौली, तरकुलवा, रुद्रपुर, बनकटा, बहुआडीह, भटनी और महिला थाने समेत कई थानों में दरोगाओं की तैनाती की गई है। वहीं, कुछ दरोगाओं को एक थाने से दूसरे थाने में स्थानांतरित किया गया है।

उधर, पुलिस अधीक्षक ने सलेमपुर कोतवाली में तैनात दरोगा योगेंद्र नाथ यादव, तरकुलवा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार राय, कांस्टेबल हर्षित तिवारी और कांस्टेबल कृष्ण कुमार यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल से विभिन्न थानों की जिम्मेदारियों में बदलाव हुआ है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक