home page

देवरिया ; आठ सूत्रीय मांगों को लेकर पांचों तहसीलों में लेखपालों का धरना

 | 
देवरिया ; आठ सूत्रीय मांगों को लेकर पांचों तहसीलों में लेखपालों का धरना


देवरिया, 03 अक्टूबर (हि.स.) । आठ सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को जिले की पांचों तहसीलों में लेखपालों ने काम बंद कर धरना दिया। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चले धरने के बाद लेखपालों ने संबंधित एसडीएम को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। देवरिया सदर तहसील में भी लेखपालों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन भेजकर मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की है।

लेखपालों की प्रमुख मांग पद का शुरुआती वेतन लेवल-पांच (ग्रेड पे 2800) करने और वेतन में अंतर दूर करने की है। इसके अलावा अंतर्मंडलीय स्थानांतरण पोर्टल दोबारा खोलने, वर्ष 2025-26 की लंबित पदोन्नति सूची जारी करने और नए लेखपालों को स्थायी करने की मांग की गई।

लेखपालों ने स्टेशनरी भत्ता 100 से बढ़ाकर 500 रुपये, मोटरसाइकिल भत्ता 1500 रुपये और विशेष भत्ता 100 से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी। ग्राम सचिवालयों में आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने, लेखपाल पद को तकनीकी पद घोषित करने तथा लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि मांगें लंबे समय से लंबित हैं। यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो 17 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में काम बंद कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे सरकारी कार्य प्रभावित होने की जिम्मेदारी सरकार की होगी।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक