देवरिया में 150 अतिरिक्त हलकों का कार्यभार छोड़ लेखपालों ने जताया विरोध
देवरिया, 23 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर बुधवार को जिले की पांचों तहसीलों के लेखपालों ने दोपहर 12 बजे तक अतिरिक्त हलकों का कार्यभार छोड़ दिया। लेखपालों ने अतिरिक्त हलकों के बस्ते और राजस्व से जुड़े दस्तावेज संबंधित रजिस्ट्रार कानूनगो (आरके) कार्यालय में जमा कर दिए। संघ ने इसे ‘एक वेतन, एक हल्का’ के सिद्धांत के तहत उठाया गया कदम बताया है।
जिला मंत्री कृष्ण के अनुसार, सदर तहसील में 44, सलेमपुर में 26, भाटपाररानी में 23, बरहज में 25 और रुद्रपुर में 32 अतिरिक्त हलकों का कार्यभार छोड़ा गया। इस तरह जिले में कुल 150 अतिरिक्त हलकों का चार्ज कार्यालय में जमा किया गया। लेखपालों ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी के अगले निर्णय तक वे केवल अपने मूल हल्के का कार्य करेंगे।
जिलाध्यक्ष भालेंदु कुमार सिंह ने कहा कि लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, लेकिन उन पर लगातार कार्यभार बढ़ रहा है। संसाधनों की कमी, पदोन्नति में देरी, वेतन संबंधी समस्याओं और अतिरिक्त हलकों का भार उनकी प्रमुख समस्याओं में शामिल है। लेखपाल वरासत, नामांतरण, पैमाइश, राजस्व अभिलेखों के रखरखाव, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्य भी करते हैं।
संघ की प्रमुख मांगों में अंतर्मंडलीय तबादले, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करना तथा चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम और प्रमाणपत्र जारी करना शामिल है। पदाधिकारियों के अनुसार मांगों पर कार्रवाई नहीं होने के बाद अतिरिक्त हलकों का कार्य छोड़ने का निर्णय लिया गया।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

