देवरिया : प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर पथरदेवा में जगह-जगह दीप प्रज्वलित
-अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
देवरिया, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर शाम को दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों ने सेवा, जनकल्याण और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया।
पथरदेवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नौतन हथियागढ़ में अमर शहीद रामचंद्र विद्यार्थी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित किया गया। उपस्थित लोगों ने अमर शहीद के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी क्रम में ग्राम नौतन हथियागढ़ स्थित पंचायत भवन और बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड के परिसर में भी दीप प्रज्वलित किया गया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। आयोजकों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। दीप प्रज्वलन के माध्यम से सामाजिक एकता और जनभागीदारी का संदेश दिया गया। वहीं, ग्राम पड़ियापार स्थित राजकीय महाविद्यालय में भी दीप प्रज्वलित किया गया। यहां कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और क्षेत्रीय लोगों ने सहभागिता की। दीपों से परिसर रोशन हुआ और लोगों ने प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर जिलाध्यक्ष काली प्रसाद और रामचंद्र विद्यार्थी स्मारक पर सदर विधायक शलभमणि त्रिपाठी और देवरिया मेडिकल कॉलेज सहित अन्य जगह दीपक जलाया गया ।
कार्यक्रम के दौरान सेवा और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

