home page

देवरिया: जिला कारागार व राजकीय बालगृह का निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश

 | 
देवरिया: जिला कारागार व राजकीय बालगृह का निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश


देवरिया: जिला कारागार व राजकीय बालगृह का निरीक्षण, सुरक्षा व व्यवस्थाओं पर दिए गए निर्देश


देवरिया, 30 मार्च (हि.स.)। जिला जज धनेन्द्र प्रताप सिंह ने सोमवार को जिला कारागार और राजकीय बालगृह का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिला जज के साथ सीजेएम मंजू कुमारी,

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सबसे पहले जिला कारागार की सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने कारागार परिसर में लगे सुरक्षा तंत्र, निगरानी प्रणाली और कर्मचारियों की सतर्कता की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कैदियों की निगरानी को और सुदृढ़ करने तथा संभावित घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

अधिकारियों ने कैदियों की मूलभूत सुविधाओं का भी जायजा लिया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की स्थिति की जांच की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कैदियों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और भोजन की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने विशेष रूप से कारागार की सुरक्षा व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों का संचालन प्रभावी ढंग से किया जाए और हर गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों की टीम ने राजकीय बालगृह का भी निरीक्षण किया। यहां रह रहे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, खानपान और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और मानसिक विकास के लिए आवश्यक गतिविधियां सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बालगृह में साफ-सफाई, अनुशासन और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए हर आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें बेहतर भविष्य मिल सके।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक